पुलिस की पाठशाला: बदायूं में एसपी सिटी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने विद्यार्थियों को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई कॉल कर लालच दें तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के तरीके भी बताए।
विस्तार
बदायूं के उसावां रोड स्थित शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को अमर उजाला की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने कहा कि अगर कोई कॉल कर लालच दें तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। इस पर प्रश्न उठाएं और अपने रिश्तेदारों से चर्चा करें। सतर्कता, सजगता और जागरुकता से ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि कोई आपत्तिजनक फोटो भेजकर रुपये मांगता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। कोई भी सरकारी एजेंसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं देती। एसपी सिटी ने बताया कि सावधानी के बाद भी घटना घटित हो जाती है। ऐसे में बहुत सर्तक रहने की जरूरत है। किसी के साथ अगर साइबर ठगी होती है तो वह टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करके 24 घंटे के अंदर अपना खाता फ्रीज करवा सकते हैं।
एसपी सिटी ने कहा कि हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क पर एक लाख रुपये तक के ठगी के मामले की सुनवाई होती है। इसके ऊपर रकम की सुनवाई साइबर थाने में होती है। बताया कि जिले में अब तक ठगी का 64 लाख रुपये से ज्यादा लोगों को वापस कराया गया है।
असफल होने पर नहीं होना चाहिए निराश
एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने छात्रों से कहा कि एक बार में असफल होने पर निराश नहीं होना चाहिए। जहां भी गलती हुई है, उसे सुधार कर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन का आधार ज्ञान और शिक्षा है। जीवन आभूषण से नहीं चमकता, वाणी से चमकता है। इसलिए शिक्षा बेहद जरूरी है।