मोहब्बत बनी मुसीबत: प्रेमी के इश्क में सुबह घर आ धमकी चार बच्चों की मां, बोली- साथ रहूंगी, फिर लड़के के पिता ने दे दी जान
लोगों ने महिला को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन महिला नहीं मानी। वह व्यक्ति के बेटे के साथ ही रहने पर अड़ गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिसौली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने फंदे से लटककर जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसके बेटे का प्रेम प्रसंग पड़ोस की महिला से चल रहा था। वह महिला सुबह आकर उसके घर बैठ गई। इससे व्यक्ति ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां 55 वर्षीय एक व्यक्ति के पांच बेटे हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। सभी बेटे नजदीक के गांव में भट्ठे पर घोड़ा-बुग्गी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। बताते हैं कि उक्त व्यक्ति के मझले बेटे का पड़ोस की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। महिला के चार बच्चे हैं।
मंगलवार सुबह महिला अपने बच्चों को छोड़कर उसके घर आकर बैठ गई। इसकी सूचना पर ग्राम प्रधान समेत तमाम लोग पहुंच गए। उन्होंने महिला को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन महिला नहीं मानी। वह व्यक्ति के बेटे के साथ ही रहने पर अड़ गई। इससे शायद व्यक्ति को लगा कि उसकी इज्जत जा रही है। व्यक्ति उसी समय उठा और जंगल की ओर चला गया।
उसने एक खेत में जाकर पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। शाम के समय जब लोग उधर से गुजरे तब उन्होंने व्यक्ति का शव फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना पर गांव के तमाम लोग पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। उसके बाद पुलिस ने व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, तो वहीं महिला अपने घर लौट गई।