दातागंज। तहसील क्षेत्र के गांव कुढ़ा कुठिया सुल्तानपुर में पांच अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित कर दिए गए। गांव में आवासों का सर्वे किया गया तब सच्चाई सामने आई। आवासों से वंचित रह गए ग्रामीणों ने अब अधिकारियों से शिकायत की कार्रवाई की मांग की है।
गांव के हरपाल पुत्र रमेश, रघुवीर पुत्र रामलाल, वेदराम पुत्र मलखान, राजपाल पुत्र मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था। यह सभी परिवार झोंपड़ियों में रहते हैं। अब तक इन लोगों को आवास नहीं मिल सके। पिछले दिनों गांव में सर्वे कराया गया तो पता लगा कि गांव में इन्हीं नामों के दूसरे लोगों के नाम आवास आवंटित किए गए हैं।
जिन लोगों को आवासों के लिए 1.20-1.20 लाख रुपये दिए गए, वह सामान्य वर्ग के हैं। ग्रामीणों ने अब अधिकारियों से शिकायत करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। हरपाल और रघुवीर ने शपथ पत्र के साथ शिकायत की है। बीडीओ प्रमोद कुमार का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। मामले में जांच कराई जा रही है। जांच के बाद संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।