बिसौली। तहसील के गांव भटपुरा निवासी पारस तिवारी ने एयरक्राफ्ट से 18,000 फुट की ऊंचाई से छलांग लगाकर इतिहास रच दिया है। दावा है कि इस साहसिक कारनामे के साथ पारस तिवारी बदायूं जिले से ऐसा करने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं।
पारस तिवारी ने कहा- डर सबको लगता है, लेकिन जो लोग डर को पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं, वही जीवन का असली आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक छलांग नहीं, बल्कि उमंगों की सीमाओं को तोड़ने का प्रयास है। 25 वर्षीय पारस तिवारी एक सफल बिजनेसमैन भी हैं।उन्होंने वर्ष 2023 में मात्र 25 हजार रुपये से इंफ्राटेक मैनेजमेंट कंपनी की शुरुआत की थी, जो वर्ष 2025 में पांच करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर तक पहुंच गई है। पारस तिवारी ने बताया कि उनका सपना दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करना है।