Budaun News: टेंपो की टक्कर लगने से गोद से छिटक कर सड़क पर गिरी मासूम की मौत, मां गंभीर
बदायूं के उझानी क्षेत्र में बमनौसी रोड पर टेंपो की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। महिला की गोद से छिटककर मासूम बच्ची दूर जा गिरी, उसकी मौत हो गई।
विस्तार
बदायूं के उझानी क्षेत्र में बमनौसी रोड पर टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती और उनकी नौ माह की मासूम बेटी घायल हो गई। राजकीय मेडिकल ले जाते समय बेटी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मां की हालत भी नाजुक बनी हुई है। एक अन्य हादसे में दंपती और उनका बेटा घायल हुए हैं।
पहला हादसा बमनौसी रोड पर गांव अचौरा मोड़ के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव झब्बूनगला निवासी अखिलेश रिश्तेदारी में जाने के लिए बाइक से पत्नी विनीता (25) और नौ महीना की बेटी हंशिका के साथ घर से निकले थे। अखिलेश के भाई अवनेश ने बताया कि सामने से बाइक सवारों को टेंपो ने चपेट में ले लिया। नौ माह की हंशिका अपनी मां विनीता की गोद से छिटक कर सड़क पर गिर गई।
विनीता टेंपो के पहिये की चपेट में आ गईं। हंशिका की राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। विनीता को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत भी गंभीर है। इंस्पेक्टर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने हादसे की जानकारी होने से इंकार किया है।
दूसरे हादसे में तीन घायल
बरेली-मथुरा हाईवे पर रोडवेज बस ने अलीगढ़ के दादों थाना क्षेत्र के गांव जिरौली निवासी बाइक सवार जफरुद्दीन (38), उनकी पत्नी शाहीन बेगम (35) और बेटा हुमायुं (11) को चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े।
शाहीन के सिर में भी चोट आई है। एंबुलेंस के जरिये तीनों को सीएचसी भेजा गया। जफरुद्ददीन ने बताया वह पत्नी और बेटे के साथ कादरचौक के गांव रमजानपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में आए थे। वहां से बृहस्पतिवार को वापस लौट रहे थे।