Budaun News: पिटाई से युवक की मौत... 24 घंटे से घर में रखा शव, आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मिठामई निवासी प्रमोद कुमार को गांव के ही पांच लोगों ने पीटा था, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी।
विस्तार
बदायूं जिले में बैटरी चोरी के शक में सोमवार देर रात युवक को घर में घुसकर गांव के ही पांच लोगों ने बेरहमी से पीटा था। सोमवार रात करीब एक बजे जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार शाम को घर पर शव रखकर परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। बुधवार को भी शव रखकर लोगों ने हंगामा किया। इस पर नायब तहसीलदार, सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मिठामई निवासी प्रमोद कुमार निजी गाड़ी चला कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। गांव के रहने वाले फनीस कुमार सिंह के ट्रैक्टर की बैटरी चोरी हो गई थी, उसने अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। रविवार को फनीस ने प्रमोद पर शक जताते हुए पुलिस को नाम बताया। पुलिस प्रमोद की तलाश में उसके घर भी दबिश देने गई, लेकिन वह कहीं बाहर था तो नहीं मिल सका।
घर में घुसकर किया था हमला
सोमवार को वह बिसौली से घर लौट रहा था, तभी फनीस व अन्य लोगों ने रास्ते में ही उसको घेरा, लेकिन वह किसी तरह से बचकर घर पहुंच गया। आरोप है कि सोमवार रात करीब आठ बजे 8-10 लोग प्रमोद के घर में घुस आए और उस पर हमलाकर मरणासन्न कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने शोर मचाया और आरोपियों को ललकारा तो वह भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी बिसौली पर भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सोमवार रात करीब एक बजे इलाज के दौरान प्रमोद की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। इधर, आरोपी गांव से भाग निकले। मृतक की पत्नी ममता ने गांव के ही फनीस कुमार सिंह, उसके बेटा सुदीप कुमार सिंह उर्फ भोलू, धर्मेंद्र लल्ला, मनदीप सिंह, विवेक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पांचों लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। व
मंगलवार शाम से ही शव रखकर परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे। बुधवार दोपहर परिजनों ने हंगामा किया तो सीओ सुनील कुमार, नायब तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन गिरफ्तारी की मांग पर परिवार के लोग अड़े रहे।