Budaun News: दो भाइयों में हुई मारपीट, घायल होने पर एक अस्पताल पहुंचा तो दूसरे का फंदे से लटकता मिला शव
बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में दो भाइयों में विवाद हो गया। दोनों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान सिर में चोट लगने से छोटा भाई घायल हो गया। उसे परिजन अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि बड़े भाई की मौत हो गई। उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
विस्तार
बदायूं के इस्लामनगर में दो भाइयों में हुई मारपीट ने बहुत ही दुखद मोड़ ले लिया। एक भाई के सिर से ज्यादा खून निकलने पर परिजन उसका इलाज कराने सीएचसी ले गए। दूसरे भाई का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पत्नी खुशबु का कहना है कि उसे पुलिस से न्याय चाहिए। वहीं अभी तक घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मौसमपुर में लालाराम के पांच पुत्र हैं, जो पंजाब व दिल्ली रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। मां जय देवी की तबीयत खराब होने पर तीन भाई दिल्ली से गांव आए हुए थे और उनकी देखभाल कर रहे थे। बताया जाता है कि गांव में एक दावत से आने के बाद दोनों भाई दिलीप व मनवीर में आपस में मारपीट हो गई, जिसके जो हाथ पड़ा उसी से एक-दूसरे के मारने लगे। इस बीच तीसरा भाई नरेंद्र ने बीचबचाव भी किया गया। मगर सिर में चोट लग जाने के कारण मनवीर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: लापता शख्स को पेश करें एसएसपी... खुद भी हाजिर हों, हाईकोर्ट ने दिया आदेश
ग्रामीणों के मुताबिक एंबुलेंस बुलाकर घायल मनवीर को परिजन सीएचसी रुदायन पर ले गए जहां उसका उपचार कराया। उपचार के दौरान ही किसी ने फोन पर सूचना दी कि दिलीप ने गांव के बाहर घर के अंदर गले में साड़ी बांधकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। परिजन घर पहुंचे और देर रात उसके शव को नीचे उतार लिया। इस बीच किसी ने थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली और कार्रवाई शुरू की।
पत्नी ने मौत पर उठाए सवाल
बताया जाता है कि दिलीप के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए परिजन जिला मुख्यालय ले गए। गांव पहुंची उसकी पत्नी खुशबू ने थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। लेकिन अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी। खुशबू का कहना है की मारपीट में ही दिलीप की जान चली गई थी। उसके भी खून निकला था। बताया जाता है कि मनवीर भी उपचार के बाद से अस्पताल से लापता है।
सीओ बिल्सी संजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिलीप की मौत का कारण हैगिंग सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।