बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर बुधवार की रात एक बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। बाइक पर तीन युवक बैठ कर बदायूं एक दावत खाने के लिए जा रहे थे। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ने बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान बरेली के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरे घायल युवक का चंदौसी एक अस्पताल में इलाज चल रही है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है।
थानाक्षेत्र के गांव सिरतौल का मजरा केसरपुर निवासी गुड्डू सागर (25) पुत्र सियाराम, पवन कुमार पुत्र दुर्गपाल और अजीत कुमार (22) पुत्र छोटेलाल एक बाइक से बुधवार की रात करीब आठ बजे दावत में शामिल होने के लिए बदायूं जा रहे थे। जैसे उनकी बाइक कछला-शाहबाद हाईवे पर स्थित गांव दिधौनी के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे गंभीर रूप से घायल हुए अजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुड्डू और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसमें घायल पवन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। जबकि पवन का इलाज चंदौसी के निजी अस्पताल में चल रहा है। संवाद