गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू: मशीनों के साथ पहुंची अडानी ग्रुप की टीम, बरेली-मथुरा हाईवे पर बिनावर के पास किया भूमि पूजन
गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बरेली-मथुरा हाईवे के पास बिनावर में भूमि पूजन किया। इसके बाद मशीनों के जरिए भूमि के समतलीकरण का काम शुरू कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू हो गया है। रविवार को कार्यदायी संस्था अडानी ग्रुप के अधिकारियों ने बरेली-मथुरा हाईवे के पास बिनावर में भूमि पूजन के बाद मशीनों के जरिए भूमि के समतलीकरण का काम शुरू कर दिया है। कई स्थानों से मिट्टी के नमूने भी लिए गए हैं। जिले में दूसरे चरण में एक्सप्रेस-वे निर्माण का काम दातागंज में शुरू होगा।
मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेस की लंबाई 594 किलोमीटर होगी। बदायूं में एक्सप्रेस-वे चार तहसीलों के 85 गांवों से होकर निकलेगा और 95 किमी की दूरी तय करेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जिले में भूमि अधिग्रहण का काम फरवरी 2020 में शुरू हुआ था। बिसौली के 38, दातांज के 27, बदायूं के 17 और बिल्सी के दो गांवों में भूमि अधिग्रहण किया गया है। एक्सप्रेस-वे के लिए सबसे ज्यादा बिसौली के 38 गांवों में 511.222 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसके अलावा बिल्सी में 23.424, सदर में 259.973 और दातागंज तहसील में 264.7348 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। भूमि अधिग्रहण का काम 95 फीसदी से ज्यादा पूरा हो चुका है।
चुनाव आचार संहिता से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2020 में शाहजहांपुर में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। विधानसभा चुनाव के बाद तय हो गया था कि एक्सप्रेस-वे का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। शनिवार से ही अडानी ग्रुप के अधिकारियों की टीम का मशीनों के साथ बदायूं पहुंचना शुरू हो गया। रविवार को भूमि पूजन के बाद एक्सप्रेस-वे के निर्माण का काम चालू करा दिया गया। अडानी ग्रुप के 20 अधिकारियों की टीम ने बदायूं में डेरा डाल लिया है। भूमि पूजन में अडानी ग्रुप के सुपरवाइजर केके तिवारी, इंजीनियर सौरभ चौहान, रवीश कुमार चौहान, शमशाद अली आदि रहे।
जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण रविवार को शुरू हो गया। गौर करने वाली बात यह है कि जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनधियों को इस बारे में पता भी नहीं लगा। बिनावर के पास एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए रविवार को भूमि पूजन में भी कोई प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी न होना चर्चााओं में रहा। बिनावर के बाद अब दातागंज तहसील में एकसप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण चालू हो गया है। रविवार को बिनावर में बरेली-मथुरा हाईवे के पास विधिवत भूमि पूजन के बाद भूमि के समतलीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। अगले चरण में दातागंज तहसील में काम शुरू किया जाएगा। ग्रुप के 20 अधिकारियों की टीम मशीनों के साथ बदायूं पहुंच गई है। कुछ और मशीनें भी आ रही हैं।-केके तिवारी, सुपरवाइजर गंगा एक्सप्रेस-वे