बिल्सी। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे चली मामूली हवा में उझानी 132 केवी पॉवर स्टेशन से नगर क्षेत्र के बिजलीघर को आ रही मुख्यलाइन ब्रेक डाउन में चली गई। भीषण गर्मी में नगर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां तक पीने के पानी के लिए भी लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ा। पिछले तीन माह में यह लाइन दस से अधिक बार ब्रेक डाउन में जा चुकी है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी इसको गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिसका खामियाजा नगर की जनता को झेलना पड़ता है।
बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे उझानी से आ रही मुख्य लाइन में फाल्ट आ गया। जिसके कारण नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि इन दिनों रमजान का माह चल रहा है। जिसके कारण घरों में पानी की जरूरत अधिक रहती है। ऐसे में बिजली आपूर्ति न होने के कारण उन्हें इस दौरान काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं नगर के प्रशांत जैन, अनुराग वार्ष्णेय, हर्ष शाक्य, विशाल शाक्य, गौरव राजपूत, शकील अहमद, अरविंद सविता, दिनेश माथुर आदि ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से नगर क्षेत्र के बिजलीघर को उलैया पॉवर स्टेशन से जुड़वाएं जाने की मांग की है। इस संबंध में पावर कॉरपोरेशन के एसएसओ तेजपाल सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र के बिजलीघर को आ रही लाइन में फॉल्ट हुआ था। जिससे नगर की बिजली आपूर्ति बाधित रही थी, उसे सही कराया जा रहा है। शुक्रवार देर रात तक आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।