बदायूं: शराब पीकर घर आए व्यक्ति को पत्नी और बेटों ने पीटा, सुबह तख्त पर पड़ा मिला शव
वजीरगंज क्षेत्र के गांव उरैना में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव घर में तख्त पर पड़ा मिला। बताया गया कि व्यक्ति शराब पीने का आदी था। रात में शराब पीकर घर आया और पत्नी को पीटने लगा। यह देख दो बेटों ने उसकी पिटाई कर दी। पत्नी ने भी पीटा था।
विस्तार
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उरैना में शुक्रवार रात ग्रामीण राजकुमार (58) के साथ पत्नी और बेटों ने मारपीट की, शनिवार सुबह उसका शव तख्त पर पड़ा मिला। सुबह परिवार वाले उसके शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी रहे थे। तभी मोहल्ले वालों की सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई और राजकुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्राम उरैना निवासी राजकुमार शराब पीने का आदी था। ग्रामीणों के अनुसार उसके पांच बेटे हैं, जिनमें तीन बेटे बाहर रहकर मजदूरी करते हैं जबकि दो बेटे प्रदीप और अरूण गांव में ही रहते हैं। लोगों का कहना है कि शुक्रवार रात करीब दस बजे राजकुमार शराब पीकर आया था। उसने शराब के नशे में पत्नी रामकली से गाली गलौज कर दी। जब उसने विरोध किया तो राजकुमार ने उसके साथ मारपीट की। यह देखकर प्रदीप और अरूण भी आ गए। फिर उन्होंने रामकली के साथ मिलकर राजकुमार की पिटाई लगा दी।
ये भी पढ़ें- बरेली में मूसलाधार बारिश: गरज-चमक के साथ जमकर बरसे बदरा, खराब मौसम के चलते स्कूलों में छुट्टी
रात में तख्त पर सोया था राजकुमार
राजकुमार के घर में शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए थे। उन्होंने राजकुमार के साथ मारपीट करने पर उन्हें रोका भी था लेकिन परिवार वालों ने कह दिया कि यह आपस का मामला है। इसमें मोहल्ले का कोई व्यक्ति बीच में नहीं पड़े। काफी देर तक घर में हंगामा होता रहा। मारपीट के बाद राजकुमार घर में पड़े तख्त पर जाकर लेट गया। परिवार वालों ने उसका उपचार भी नहीं कराया।
शनिवार सुबह करीब छह बजे परिवार वाले सोकर उठे। तब उन्होंने राजकुमार को उठाने की कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। बताते हैं कि परिवार वाले राजकुमार के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे कि तभी मोहल्ले वालों ने थाना पुलिस को सूचना दे दी, जिससे इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए।
बाद में सीओ सुनील कुमार भी आ गए। इसके बाद राजकुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि रात राजकुमार के साथ उसकी पत्नी और बेटों ने मारपीट की थी। सुबह तख्त पर उसका शव पड़ा मिला। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।