बदायूं: सात माह के मासूम बच्चे के गले में फंसा गुब्बारा, तड़प-तड़पकर हुई मौत
फैजगंज बेहटा कस्बे में एक गुब्बारा सात माह के मासूम के लिए काल बन गया। खेलते समय गुब्बारा मासूम के गले में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा कस्बे में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। वार्ड नंबर नौ में मंगलवार दोपहर सात माह के मासूम बच्चे हैदर की गुब्बारा गले में फंसने से मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
कस्बे के वार्ड नंबर नौ निवासी लईक ने बताया कि मंगलवार दोपहर हैदर की मां उसे चारपाई पर लिटाकर घर का काम कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस के एक बच्चे ने हैदर को खेलने के लिए गुब्बारा दे दिया। खेलते-खेलते बच्चे ने गुब्बारे को अपने मुंह में ले लिया। गुब्बारा उसके गले में फंस गया, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।
बच्चे की हालत बिगड़ते देख मां चीख पड़ी। परिजन तुरंत मासूम को चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले गए। लईक के घर चार साल बाद बेटे का जन्म हुआ था। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। फैजगंज बेहटा थाने के एसओ कपिल कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में थाने में कोई शिकायत नहीं दी गई।
15 दिन पहले भी उद्यैती में बच्ची की हुई थी मौत
उघैती थाना क्षेत्र में 15 दिन पहले गुब्बारे से 10 वर्षीय नंदिनी की जान चली गई थी। नंदिनी नानी के घर दिवाली मनाने आई थी। नौ नवंबर को सुबह बच्चों के साथ गुब्बारा फुला रही थी। इसी दौरान हवा निकलने से गुब्बारा उसके गले में फंसकर चिपक गया। इससे सांस लेने की दिक्कत होने लगी। आसपास खेल रहे बच्चों के चिल्लाने में पर परिजन मौके पर पहुंचे थे। बिल्सी के निजी चिकित्सक के पास ले जाने पर चिकित्सक नंदिनी को मृत घोषित कर दिया।
