उझानी। बाबूराम धर्मशाला मंदिर में बुधवार दोपहर खाटू नरेश के साथ धन्वंतरि देव की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्राण प्रतिष्ठा से पहले आयोजकों की देखरेख में भक्तों ने शोभायात्रा निकाली। इस दौरान बाजार में भी श्याम बाबा के जयकारे गूंज उठे।
स्टेशन रोड स्थित धर्मशाला परिसर से शोभायात्रा सुबह 10 बजे शुरू हुई। खाटू नरेश और धन्वंतरि देव की मूर्ति के साथ शोभायात्रा में शामिल भक्तों ने संकीर्तन किया। स्टेशन रोड से घंटाघर चौराहे और मुख्य बाजार में शोभायात्रा का दुकानदारों ने स्वागत किया। बैंडबाजों के साथ कलाकारों ने कला का प्रदर्शन किया। दोपहर को धर्मशाला परिसर में शोभायात्रा लौटी तो धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। श्याम बाबा और धन्वंतरि देव की प्राण प्रतिष्ठा के यजमान रामकिशोर गुप्ता ने मंत्रोच्चार के बीच की। नीम करौरी बाबा को भी भोग अर्पित कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया। दोपहर में कन्या भोज के बाद शुरू भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर वीरेंद्र प्रकाश गुप्ता, सतीशचंद्र, रामऔतार, राजू भूटानी, मीनू गुप्ता, कौशल, विक्रम, विजय गोपाल वार्ष्णेय, संजीव आजाद और गिरीश चंद्र वार्ष्णेय आदि थे।

उझानी में शोभायात्रा में जुटे भक्त। स्रोत- आयोजक