शिक्षक की हत्या कर शव खेत में फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार रात घर से शौच को निकले शिक्षक की हत्या कर दी गई। उनका शव शनिवार को ढका और सुनेसर के बीच खेत में पड़ा मिला। खबर मिलने पर सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गए। अलापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल उसावां थाना क्षेत्र का होने पर उसावां पुलिस को सूचना दी गई। करीब दो घंटे बाद उसावां पुलिस मौके पर पहुंची। इससे गुस्साए लोगों ने उसैहत रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के मामा की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, शिक्षक रामवीर सिंह (32) मूलरूप से कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव लालूपुर नगरिया के रहने वाले थे। वह बचपन में अलापुर के गांव ढका में अपने मामा संजीव कुमार के घर आए थे और फिर यहीं रहने लगे थे। रामवीर उसैहत के गांव बबई भटपुरा स्थित एक निजी कॉलेज में शिक्षक थे। मामा संजीव ने बताया कि रामवीर शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे घर से शौच के लिए निकले थे। जब वह काफी देर तक नहीं लौटे परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला।
शनिवार की सुबह जब गांव के लोग जंगल में गए तो सुनेसर निवासी रामबाबू शर्मा के खेत में शव पड़ा देखा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने शव की रामवीर के रूप में शिनाख्त कर उनके मामा संजीव को खबर दी। रामवीर के गले पर निशान थे। इससे माना जा रहा है कि उनकी गला दबाकर हत्या की गई थी। शरीर पर कई जगह खरोंच के निशान थे। इससे जाहिर था कि रामवीर ने हत्यारों का मुकाबला भी किया था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसावां पुलिस ने मृतक के मामा संजीव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।