बदायूं दोहरा हत्याकांड: आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता और ताऊ पर एक और रिपोर्ट, जमीन कब्जाने का आरोप
बदायूं में दोहरे हत्याकांड के आरोपी अजय प्रताप सिंह के परिवार पर भी शिकंजा कसता जा रहा है। अजय के पिता, ताऊ व अन्य परिजनों के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विस्तार
बदायूं के सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या करने के आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता राजेश सिंह, ताऊ राकेश सिंह व अन्य परिवारीजनों के खिलाफ जमीन पर अवैध तरीके से फार्म हाउस बनाकर जमीन कब्जाने के आरोप में भी रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। सैजनी गांव के लेखपाल हेम सिंह की तहरीर पर मूसाझाग पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सैजनी में अजय के पिता राजेश सिंह और ताऊ पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गांव के आसपास ग्राम समाज की सैकड़ों बीघा भूमि पर इस परिवार की नजर थी। इसी का नतीजा रहा कि इन लोगों ने बड़े स्तर पर जमीनों पर कब्जा कर लिया। बिजली उपकेंद्र के पास राकेश सिंह के बनाए गए अवैध फार्म हाउस को बुधवार को एसडीएम दातागंज ने सील करवा दिया था। पता लगा था कि यह अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन पर बना है। यह जमीन कनाडा जाकर बस गए एक सिख परिवार की बताई जा रही है, वहीं अब यह भी सामने आ रहा है।
संबंधित खबर- बदायूं दोहरा हत्याकांड: आरोपी के पिता-ताऊ ने सरकारी जमीन पर कराए कब्जे, मकान बनाने वालों पर मुकदमा
पहले यह जमीन सरकारी रही है। इसके आसपास की जमीनों पर भी आरोपी के परिवार ने अवैध तरीके से कब्जा कर रखा है। इस पर क्षेत्रीय लेखपाल हेम सिंह की तहरीर पर मूसाझाग पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी राजेश सिंह, राकेश सिंह को नामजद करते हुए साथ में अन्य परिवारीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर वीरेंद्र तोमर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जांच कर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
अजय व उसके परिवार पर अब तक दर्ज हो चुके सात केस
12 मार्च को एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के बाद मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह व उसके परिवार पर लगातार पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इस मामले में अब तक सात केस दर्ज हो चुके है। इनमें चार मामले मूसाझाग थाने में दर्ज हुए है। जबकि बिजली थाने में एक और तहसीलदार कोर्ट में दो मुकदमे हुए है। इनमें एक केस में अजय के ताऊ राकेश पर बिजली चोरी का है। इन सभी मामलों में अजय, उसके ताऊ व भाई आरोपी हैं।
दातागंज के एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सैजनी गांव में अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करके फार्म हाउस बनाया गया था। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर आरोपी राजेश सिंह, राकेश सिंह व उनके परिवारीजनों के खिलाफ मूसाझाग थाने में केस दर्ज कराया गया है। जल्द ही अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी।