बदायूं दोहरा हत्याकांड: आरोपी के पिता-ताऊ ने सरकारी जमीन पर कराए कब्जे, मकान बनाने वालों पर मुकदमा
बदायूं में दोहरे हत्याकांड के आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके परिजनों की करतूतें लगातार सामने आ रही हैं। आरोपी के पिता और ताऊ ने सरकारी जमीन पर कब्जा करा दिया। जिन लोगों ने इस जमीन पर मकान बनाए हैं, अब वह भी फंस गए हैं।
विस्तार
बदायूं के सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के परिवार पर पुलिस प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। तहसील प्रशासन की जांच में सामने आया है कि सैजनी गांव में अजय के ताऊ राकेश सिंह व पिता राजेश सिंह ने मिलकर गांव में ग्राम समाज की खलिहान की भूमि पर 11 लोगों का अवैध कब्जा करवाकर उस पर मकान बनवा दिए। अब इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल हेम सिंह की तरफ से तहसीलदार कोर्ट में सभी 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोर्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए इन सभी 11 लोगों को धारा 67 के तहत बेदखली का नोटिस भी दिया गया है। सही जवाब न मिलने पर जल्द ही यह अवैध निर्माण ध्वस्त भी किए जा सकते हैं। वहीं, इस मामले में जल्द ही आरोपी के पिता व ताऊ के खिलाफ भी केस दर्ज हो सकता है। आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। इनके परिवार में ही लंबे समय से प्रधानी भी चली आ रही है। इसी का फायदा उठाते हुए इस परिवार ने गांव के पास ग्राम समाज की खाली पड़ी काफी भूमि पर भी खुद के साथ दूसरों का कब्जा कराना शुरू कर दिया। अब जांच में यह बातें सामने आने पर केस दर्ज हुआ है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा लेखपाल हेम सिंह की शिकायत पर तहसीलदार दातागंज कोर्ट में सैजनी गांव के निवासी जोरपाल, श्रीराम, विट्मू शोभाराम, रामौतार, ग्रिशचंद्र गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, सुनील कुमार, सुबोध, मुश्ताक, राजपाल के नाम मुकदमा दर्ज हुआ है। इन सभी को तहसील की तरफ से बेदखली का नोटिस दिया गया है। सही जवाब न देने पर इनके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ मकान ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई हो सकती है।
खलिहान की जमीन पर वर्ष 2010 में कराया कब्जा
आरोपी के ताऊ व उसके पिता का गांव से लेकर क्षेत्र में काफी दबदबा रहा है। ताऊ राकेश सिंह जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। राजनीतिक प्रभाव के चलते इनसे किसी की भिड़ने की हिम्मत नहीं होती थी। दातागंज तहसील प्रशासन की जांच में सामने आया है कि इन लोगों ने वर्ष 2010 में ग्राम समाज की खलिहान वाली जगह अपनी बताते हुए अपने ही खेत के गाटा नंबरों पर बैनामा कराकर गांव के 11 लोगों को कब्जा करवा दिया था। सभी से एक या फिर दो-दो लाख की वसूली कर ली। इन कब्जेदारों ने इस भूमि पर अपने घर भी बनवा लिए। लेकिन, अब जब दोहरा हत्याकांड के बाद जांच शुरू हुई तो इनकी गर्दन फंसी है।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सैजनी गांव में ग्राम समाज की खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जा कर घर बनाने वाले 11 लोगों के खिलाफ तहसीलदार कोर्ट में मुकदमा हेम सिंह की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई हुई है। इन सभी को बेदखली का नोटिस भी दिया गया है। जल्द ही कब्जा खाली कराने से लेकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।