बिन शादी के प्रेमिका बनी मां: गर्भवती होने पर प्रेमी ने छोड़ा, बेटे को लेकर कोर्ट आई तो दी हत्या की धमकी
बदायूं में एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। जब युवती गर्भवती हो गई तो उसे छोड़ दिया था। युवती ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसका मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। 24 अगस्त को वह अपने बेटे को लेकर तारीख पर कोर्ट आई थी। रास्ते में उसे प्रेमी ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
विस्तार
बदायूं में सिविल लाइंस थाने के समीप युवती को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाला युवती का प्रेमी बताया गया है। आरोप है कि युवक ने उससे दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर उसे छोड़ दिया। जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो उसे जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी युवक का नाम शिवम सक्सेना है। वह बिसौली कस्बे का रहने वाला है, जबकि उसकी प्रेमिका उसहैत थाना क्षेत्र की रहने वाली है। प्रेमिका का आरोप है कि शिवम उसका रिश्तेदार है। साल 2019 में उसकी शिवम से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया।
ये भी पढ़ें- प्यार में पार की हर बाधा: आकाश के इश्क में बरेली की इकरा बन गई प्रीति, नाबालिग रहते घर छोड़ा तो सजा भी काटी
आरोप है कि शिवम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उस दौरान परिवार वाले भी शादी करने को तैयार थे लेकिन जब वह गर्भवती हो गई तो उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया। इस संबंध में प्रेमिका ने वर्ष 2020 में शिवम के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई। इसका मुकदमा अदालत में चल रहा है।
बिन शादी के मां बनी प्रेमिका
इस बीच गर्भवती प्रेमिका ने बेटे को जन्म दिया। उधर, युवक की दूसरी जगह शादी हो गई। 24 अगस्त को प्रेमिका अदालत में अपने दो साल के बेटे के साथ तारीख करने आई थी। आरोपी शिवम, उसकी पत्नी और साली भी बाइक से आए थे। उन्हें देखकर उसने वीडियो बनाना शुरू कर दिया है।
युवती आगे चलकर सिविल लाइंस थाने के नजदीक बड़े डाकखाने के सामने पहुंच गई। वहीं आरोपी ने उसे तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह बचकर वहां से निकली। इसके बाद उसने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्रेमिका की ओर से तीनों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।