दबतोरी/बदायूं। मुसिया नगला गांव में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री अरुण असीम ने कहा कि बाबा साहब के बनाए संविधान की रक्षा और सुरक्षा में भाजपा लगी है। बोले, पहलगाम में निर्दोष मृतकों की तेरहवीं से पहले मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाक में घुसकर आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया। वह डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब को कांग्रेस ने सदा हतोत्साहित किया। कांग्रेस ने 1952, 1954 के चुनावों में हराने के लिए कम्युनिस्टों से मिलकर रणनीति बनाई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने खुद उनके खिलाफ चुनाव प्रचार किया था। कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया। 1990 में भाजपा समर्थित सरकार ने बाबा साहब को भारत रत्न दिया था। कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानों ने राज्यमंत्री को 51 किलो की माला पहनाई और रिंकी भारती ने स्वागत गीत पढ़ा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, सत्यवीर गौतम, अमित कुमार, पूर्व प्रधान अमित कुमार, सत्यवीर सिंह गौतम, धर्मेंद्र मिश्रा, ढाकन लाल, पीतम दास, अपराध निरोधक समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव, मोहम्मद शमसुद्दीन, मोहम्मद ख़िज़र अहमद, नेत्रपाल सिंह सैलानी, इंतज़ार हुसैन, सीपी सिंह, डॉ. संजीव शाक्य आदि थे। इसके बाद राज्यमंत्री का पूर्व विधायक कुशाग्र सागर के आवास पर सम्मान हुआ।