Budaun News: उर्स के मेले में महिला से अभद्रता, पूछताछ करने पर आरोपियों ने किया हमला, दो सिपाही घायल
Budaun News: उर्स के दौरान लगे मेले में महिला से अभद्रता करने वाले दो युवकों ने अपने परिजनों के साथ सिपाहियों पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से उन्हें पीटा, जिससे दोनों सिपाही घायल हो गए।
विस्तार
बदायूं के उझानी में उर्स के दौरान लगे मेले में महिला से दो युवकों ने अभद्रता कर दी। शिकायत मिलने पर दो सिपाहियों ने मौके पर जाकर पूछताछ की तो आरोपी उनसे भिड़ गए। उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार रात करीब दो बजे की है।
ननाखेड़ा में तीन दिवसीय उर्स के तहत मंगलवार देर शाम कव्वाली शुरू हुई थी। उर्स पर मेला भी लगाया गया है। मेले में झूले के समीप खड़ी महिलाओं से दो युवकों ने अभद्रता की। उस वक्त कछला चौकी पर तैनात सिपाही नवनीत वर्मा और लक्ष्मण बालियान मेले में ड्यूटी पर थे। सिपाही नवनीत के मुताबिक जब वह आरोपी युवकों के नाम और पते पूछ रहे थे, उसी दौरान युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- UP News: यूट्यूब से सीखा अफसरों का अंदाज, वर्दी पहन फर्जी इंस्पेक्टर बन गया शहजाद, बीवी ने खोली पोल
युवकों ने अपने परिवार के लोगों व करीबियों को भी बुला लिया। सभी ने एक राय होकर सिपाही नवनीत और लक्ष्मण पर हमला कर दिया। डंडा लगते ही सिपाही नवनीत की नाक से खून बहने लगा। दूसरे सिपाही लक्ष्मण के पीठ में गुम चोट लगी है। आरोप है कि हमलावर युवकों ने सिपाहियों को जान से मार देने की धमकी भी दी। घायल लक्ष्मण ने चौकी इंचार्ज कपिल कुमार को फोन करके मौके पर पुलिस फोर्स बुला लिया।
घायल सिपाही ने दर्ज कराई रिपोर्ट
चौकी इंचार्ज ने रात में घायल सिपाहियों का प्राथमिक उपचार भी कराया। पुलिस ने घायल सिपाही नवनीत की तहरीर पर बुधवार को उसहैत थाना क्षेत्र के गांव भुंडी निवासी आजम, जुबैर, ननाखेड़ा के मंगल खां, उसके बेटे गुड्डू, पप्पू और मुगले, आसमी, याद मोहम्मद, आसिफ और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमले, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमर मलिक ने बताया कि आरोपियों में पप्पू, मंगल, आसिफ, आसमी और याद मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिपाहियों को पिटता देख खिसके श्रोता, मेले में भगदड़
ननाखेड़ा में जिस समय सिपाहियों पर हमला किया गया, उस वक्त उर्स में कव्वाली में श्रोताओं की संख्या भी कम नहीं थी। मारपीट के दौरान उर्स और मेले में चीख पुकार मची तो सबसे पहले महिलाओं ने अपने घरों की ओर जाना शुरू कर दिया। श्रोता भी खिसक गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हालांकि रोकने की कोशिश भी की, लेकिन किसी ने मौके पर रूकना उचित नहीं समझा। भगदड़ के माहौल के बीच झूले भी सूने हो गए। घटना के बाद पुलिस फोर्स पहुंचा तो कुछ आरोपियों की तलाश उनके घरों पर भी की गई, लेकिन वह अपने पते-ठिकानों पर नहीं मिले।