बदायूं। शेखूपुर कस्बे में हिंदू मुस्लिम एकता समिति कार्यकर्ताओं ने आजम खां की रिहाई न होने पर अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकरम रजा व प्रदेश सचिव आसिफ सैफी ने कहा कि अभी हाल ही में पूरे प्रदेश में मुसलमानों ने एकजुट होकर सपा को लड़ाया था। इसके बावजूद मुस्लिम मुद्दों पर अखिलेश यादव मौन रहते हैं, चाहे हिजाब मामला हो या मुस्लिम महिलाओं पर खुले मंचों से अभद्र टिप्पणी का मामला। कहा-सपा मुखिया अखिलेश यादव को मुस्लिम वोट तो चाहिए, लेकिन उनकी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं।
कहा-आजम खां पिछले 26 माह से जेल में है, लेकिन सपा मुखिया को उनकी खैरखबर लेने की फुर्सत तक नहीं है। आसिफ सैफी ने कहा सपा मुखिया का मुस्लिम विरोधी चेहरा सामने आ गया है। अब नई सपा का सफाया निश्चित है। प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप शर्मा, आसिफ सैफी, अनिल कुमार, रविंद्र शर्मा आदि समिति पदाधिकारी शामिल रहे।