Budaun News: ककोड़ा की कटरी में मिनी कुंभ की नगरी तेजी से ले रही आकार
बुधवार को कई परिवारों ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना की। वहीं पर भोजन भी किया। साधु-संतों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मेला स्थल पर चाय, खान-पान सहित अन्य चीजों की दुकानें सजने लगी हैं। पूजा सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान भी मिलने लगा है। झूले और खेल-तमाशे लगाने वाले भी अपना सामान लेकर पहुंच रहे हैं। सड़कें तैयार होने के बाद मेले के भीतर वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है। वीआईपी मार्ग और मुख्य रास्तों पर भी काम पूरा होने के बाद टेंट लगाने की गति तेज हुई है।
गंगा से उपधारा में पानी पहुंचाने के लिए मड पंप लगा
मेला ककोड़ा। मेला ककोड़ा में गंगा की मुख्य धारा से उपधारा में पानी पहुंचाने के लिए मड पंप लगा दिया गया है। बरौना गांव के पास क्रेन की मदद से मड पंप को गंगा में स्थापित किया। इससे उपधारा में पानी पहुंचने और स्नान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहने की संभावना बढ़ गई है।
गंगा की मुख्य धारा मेला स्थल से दूर होने और जलस्तर कम होने के कारण उपधारा पर बनाए गए स्नान घाट पर पानी की कमी है। इस समस्या को दूर करने के लिए मड पंप से गंगा की मुख्य धारा से पानी मेला क्षेत्र तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। अमर उजाला ने पहले ही मेला स्थल तक गंगा का पानी पहुंचाने के लिए मड पंप लगाने की जरूरत को प्रमुखता से उठाया था। अब मड पंप को गंगा में उतारने के बाद व्यवस्था को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। संवाद
मिमी और मीना सूंघकर करेंगी मेले की सुरक्षा, डॉग स्क्वॉड तैनात
मेला ककोड़ा। रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सुरक्षा व्यवस्था में डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है। मिमी और मीना नाम की प्रशिक्षित डॉग मेले में सूंघकर संदिग्ध वस्तुओं की तलाश करेंगी। हैंडलर अरविंद और सचिन के साथ डॉग स्क्वॉड ने मेला ड्यूटी संभाल ली है। वॉच टावर, चौकियों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है। डॉग स्क्वॉड की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की कोशिश की गई है। संवाद
बच्चे रेत में खेलते और शिवलिंग बनाते आए नजर
मेला ककोड़ा। गंगा के किनारे रेत में बच्चों की अठखेलियां भी मेले की तैयारियों के बीच आकर्षण बन रही हैं। बच्चे रेत में खेलते और रेत से शिवलिंग बनाते नजर आए। वहीं मेला कोतवाली के सामने मिशन शक्ति केंद्र और साइबर बूथ भी तैयार किया गया है। महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति श्रद्धालुओं को जागरूक करने की व्यवस्था की गई है। मेला में स्नान के लिए पानी की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और महिला व साइबर जागरूकता को लेकर प्रशासन की तैयारियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। संवाद
कुर्मियान क्षेत्र में 400 मीटर बढ़ाई स्नान की जगह, जल पुलिस ने किया निरीक्षण
मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जल पुलिस ने गंगा की धारा का निरीक्षण किया। आठवीं वाहिनी जल पुलिस के उप निरीक्षक अभिषेक राठी के नेतृत्व में टीम ने उपधारा में जल की गहराई का जायजा लिया। कुर्मियान क्षेत्र में स्नान के लिए जगह कम होने की शिकायत के बाद करीब 400 मीटर तक अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
कमिश्नर ने टेंट व्यवस्था पर जताई नाराजगी, जाम से श्रद्धालुओं को परेशानी न होने के निर्देश
- कमिश्नर और डीआईजी ने बुधवार दोपहर ककोड़ा मेला क्षेत्र की व्यवस्थाएं परखीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मेला ककोड़ा। कमिश्नर शंभु कुमार और डीआईजी मुनिराज जी ने बुधवार को ककोड़ा मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टेंट व्यवस्था को लेकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, विद्युत व्यवस्था, आवागमन के मार्गों तथा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
खासकर यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें, जिससे मेला क्षेत्र और आने-जाने वाले मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखें। कंट्रोल रूम को सक्रिय रखें। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें।
वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से कराएं और सड़क पर वाहन खड़े न होने दें। जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई कर यातायात सुचारु कराया जाए। इस दौरान डीएम अवनीश राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साईं आश्रित शाखमुरी, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी, थाना प्रभारी आदि विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive

बदायूं के ककोड़ा मेला क्षेत्र में बड़ा झूलना लगना शुरू, बच्चों के लिए टॉयट्रेन भी पहुंची। संवाद- फोटो : Archive
