रूट डायवर्जन: बरेली के लिए 17 तो आगरा के लिए 90 रुपये देने होंगे ज्यादा; बदायूं से रोडवेज का सफर महंगा
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर दिए हैं। ऐसे में भारी वाहनों और रोडवेज बसों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। रोडवेज बसों की दूरी बढ़ने से किराया भी बढ़ गया है, जिससे यात्रियों की जेब पर बोझ पड़ेगा।
विस्तार
बदायूं में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर दिए हैं। ऐसे में भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा ताकि कांवड़ियों को कोई परेशानी न हो। रोडवेज की बसें भी वैकल्पिक रास्तों से होकर निकलेंगी, लेकिन दूरी बढ़ने पर के कारण उनके किराये पर फर्क पड़ेगा। ऐसे में कई रूटों पर तीन दिनों तक रोडवेज का किराया यात्रियों को ज्यादा देना होगा।
सावन का महीना शुरू हो चुका है। पहले सोमवार को लाखों कांवड़िये शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। जल भरने कछला घाट पर आने का सिलसिला शनिवार से शुरू हो जाएगा। ऐसे में आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजारा जाएगा। शहर के बाइपास पर भी सप्ताह में तीन दिन भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी।
ये भी पढ़ें- 'तेरे लिए जान भी दे दूंगा': प्रेमी ने किया नदी में कूदने का ड्रामा, प्रेमिका ने दे दिया धक्का
सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर प्रशासन ने शुक्रवार रात से सोमवार शाम तक रूट डायवर्जन किया है। यह व्यवस्था सावन समाप्त होने तक जारी रहेगी। रूट डायवर्जन का असर यात्रियों की जेब पर भी पड़ेगा क्योंकि दूरी बढ़ने के कारण रोडवेज ने भी अपने किराये में इजाफा किया है। केंद्र प्रभारी कदीर के अनुसार, दूरी बढ़ने से डीजल की खपत ज्यादा होगी, इसलिए रूट डायवर्जन वाले दिनों में किराया बढ़ाकर यात्रियों से लिया जाएगा।
इतना अधिक देना होगा किराया
कछला तक जाने लिए बरेली-आगरा वाला रूट है। ऐसे में यदि किसी को बदायूं से बरेली जाना हो या फिर बरेली से बदायूं आना हो तो डायवर्जन वाले दिनों में उसे अब 92 रुपये देने होंगे। सामान्य दिनों में यह किराया 75 रुपये है। इसके अलावा आगरा जाने के लिए 245 रुपये के स्थान पर 335 रुपये खर्च करने होंगे।
दिल्ली के लिए 363 रुपये के बजाय 408 रुपये देने होंगे। बीच में पड़ने वाले स्टॉपेज का किराया भी दूरी के हिसाब से बढ़ाकर यात्रियों से लिया जाएगा। मसलन, बरेली से रामगंगा के लिए 16 रुपये, ढका के लिए 23 रुपये, अलीगंज के लिए 41 रुपये, आंवला के लिए 50 रुपये, कासिमपुर के लिए 78 रुपये लिए जाएंगे।
इन मार्गों पर होकर निकलेंगी बसें
बदायूं से बरेली जाने वाली रोडवेज बसें कुंवरगांव, आंवला, गैनी, अखा, रामगंगा से लालफाटक होते हुए निकाली जाएंगी जबकि बदायूं से कासगंज, आगरा जाने वाली बसों को खेड़ा नवादा, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए निकाला जाएगा। इसके अलावा कासगंज, आगरा, दिल्ली से मुरादाबाद, बरेली, फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन अलीगढ़, नरौरा होकर सहसवान, बिसौली, आंवला, गैनी, बरेली, फतेहगंज पूर्वी, बेलाडांडी, दातागंज, डहरपुर से म्याऊं चौकी, उसावां होते हुए जाएंगे।