जलालाबाद/नजीबाबाद। लगातार बारिश से जलालाबाद क्षेत्र में मेरठ-पौड़ी हाईवे करीब 200 मीटर तक दरिया बन गया। हरिद्वार-काशीपुर सर्विस रोड पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। बिजनौर, मेरठ, दिल्ली, हरिद्वार व काशीपुर की ओर जाने वाले वाहनों को इसी जलभराव से गुजरना पड़ रहा है। शनिवार को हुई बारिश से कई जगह जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। जलालाबाद क्षेत्र में सर्विस रोड व हाईवे पर दूसरे दिन भी जलभराव की समस्या से राहगीरों को जूझना पड़ा। अवनीश अग्रवाल ने बताया कि जलालाबाद क्षेत्र में हाईवे के जलभराव में बाइक बंद हो गई धक्का लगाकर पैदल ही निकालना पड़ा। पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय निवासी देवदत्त, खुर्शीद, अय्यूब, शमीम एड., अनवर, ने बताया कि हर बारिश में यही हाल रहता है। एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड के समानांतर नाला निर्माण अधूरा होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही। दुकानदार वकार शेख, बब्लू, नदीम ने बताया कि जलभराव से ग्राहकी भी प्रभावित हो रही है। क्षेत्रीय लोगों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। पीडी एनएचएआई शंकेश शर्मा ने बताया कि समस्या से निपटने के लिए मौके पर ट्यूबवेल लगाया गया है और पानी निकाला जा रहा है। बरसात के बाद इसका स्थायी समाधान निकाला जाएगा। संवाद