धामपुुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से गांवों में गठित स्वयं सहायता समूहों में शामिल महिलाएं अब तक 13 हजार से ज्यादा मास्क तैयार कर ब्लाक कार्यालय को उपलब्ध करा चुकी हैं। इन मास्कों को सभी 97 ग्राम सभाओं में पंचायतों की ओर से जरूरतमंदों को फ्री में बांटा जाएगा। एडीओ पंचायत अनिल कुमार ने हिदायत दी कि यदि इन मास्कों के बदले किसी ने ग्रामीणों से उगाही का प्रयास किया तो कार्रवाई होगी।
अल्हैपुर ब्लाक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से करीब 386 स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं। प्रत्येक समूह में करीब सात से लेकर 10 तक महिलाएं शामिल हैं। हाल में ब्लाक में करीब 10 समूहों की 100 महिलाएं सरकार की ओर से खादी ग्रामोद्योग की ओर से मास्क बनाने के लिए उपलब्ध 1875 मीटर कपड़े से मास्क बनाने का काम कर रही है। इस कपड़े में करीब 15 हजार से ज्यादा मास्क बनेंगे। करीब 13 हजार से ज्यादा मास्क तैयार हो चुके हैं। इन मास्कों का वितरण ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के निर्देशन में ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को फ्री में कराने हैं। ब्लाक मिशन प्रबंधक राजकुमार सिंह का कहना है कि प्रति मास्क को तैयार करने के बदले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सरकार की ओर से पांच रुपये प्रति पीस का भुगतान होगा। मिशन की ओर से ग्राम सभाओं को 13 रुपये 60 पैसे प्रति मास्क के हिसाब से भुगतान करना है। सरकार इन मास्कों की कीमत ग्राम सभाओं से वसूलेंगी, गांव के जरूरतमंदों को ग्राम सभाओं की ओर से फ्री में ही मास्कों का वितरण होना है। संस्था के माध्यम से समूहों को भुगतान किया जाएगा। इस मौके पर एडीओ कृषि भूपाल सिंह, ब्लाक मिशन प्रबंधक विवेक द्विवेदी, रेनु भारती, लीलाधर सिंह रहे।