UP: देवबंद में खनन माफियाओं का परिवहन विभाग के अधिकारी पर हमला, बदसलूकी की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
उत्तर प्रदेश के देवबंद में खनिज से लदी ओवरलोड गाड़ी रोके जाने पर खनन माफियाओं ने परिवहन अधिकारी के साथ बदसलूकी कर डाली। वहीं सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है।
विस्तार
देवबंद में परिवहन विभाग के अधिकारी (पीटीओ) वीवी शुक्ला और खनन माफियाओं के बीच तीखी नोकझोंक और अधिकारी के साथ खनन माफियाओं द्वारा बदसलूकी किए जाने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रही है। वीडियो राज्य राजमार्ग-59 की बताई गई है। जिसमें शुक्रवार को परिवहन विभाग के अधिकारी (पीटीओ) वीवी शुक्ला से कुछ खनन माफिया उलझते दिखाई दे रहे हैं। पीटीओ द्वारा खनिज से लदी ओवरलोड गाड़ी रोके जाने पर खनन माफिया अधिकारी से बदसलूकी करने लगे।
वीडियो में साफ देखा जा है कि खनन माफिया अधिकारी की गाड़ी का दरवाजा जबरन खोलकर उन पर हमलावर हो रहे हैं। पीटीओ और उनके चालक बामुश्किल वहां से जान बचाकर भागे। इस दौरान वीडियो में अधिकारी से उलझ रहा शख्स गाड़ी पास करने के लिए 50 हजार रुपये दिए जाने का आरोप लगा रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई हैं। सीओ अशोक सिसोदिया का कहना है मामला संज्ञान में है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कराई जा रही है।
हमलावरों पर कार्रवाई को पुलिस को दिए आदेश: डीएम
*मामला उनके संज्ञान में है। संबंधित थाना पुलिस को परिवहन विभाग के अधिकारी पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही उनकी पहचान कर गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस को आदेशित किया गया है। मनीष बंसल, डीएम, सहारनपुर।