यूपी: पॉपुलर की खेती की ओर बढ़ा रुझान, लकड़ी की मांग बढ़ने से दाम में भी आया उछाल
- लकड़ी की मांग बढ़ने से दाम में भी आया उछाल
- जिले में किसान इस बार पॉपुलर की कर रहे खेती
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में किसानों ने एक बार फिर से पॉपुलर की खेती की ओर रुख किया है। किसान बड़ी तादाद में पॉपुलर की पौध लगा रहे हैं। गन्ने का भुगतान में देरी होने के साथ-साथ पॉपुलर के दामों में चल रहे उछाल को इसकी वजह माना जा रहा है।
पॉपुलर के खेतों में गन्ने के साथ गेहूं, अदरक, हल्दी की खेती भी की जा सकती है। गन्ना जिले की मुख्य फसल है और किसान इससे किनारा करने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन इस बार किसानों में पॉपुलर की खेती का चलन भी देखने को मिल रहा है।
आमतौर पर जिले के किसान खेतों की डोल के पास पॉपुलर लगाते थे लेकिन इस बार पूरे ही खेत में पॉपुलर की खेती की जा रही है। लॉकडाउन से पहले पॉपुलर की लकड़ी 700 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी, लेकिन लॉकडाउन के बाद पॉपुलर की लकड़ी के दाम 400 रुपये प्रति क्विंटल तक रह गए थे। अब भाव एक बार फिर से चढ़ गए हैं। लकड़ी 800 से 850 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही है।
मार्च के पहले सप्ताह तक पॉपुलर खेत में लगाया जा सकता है। जिले के किसान काफी संख्या में इस बार पॉपुलर लगा रहे हैं। खासतौर से गंज क्षेत्र के गांवों में पॉपुलर की खेती का ज्यादा रुझान देखने को मिल रहा है। एक बीघा खेत में पॉपुलर की 50 पौध लग सकती है। छह साल में एक पेड़ का वजन तीन क्विंटल तक हो जाता है।
अगर इस समय किसी के खेत में पॉपुलर की फसल तैयार खड़ी हो तो उसे एक बीघा जमीन से एक लाख 20 हजार रुपये तक मिल सकते हैं। इसके अलावा शुरू के दो साल खेत में गन्ना तथा बाकी चार साल में गेहूं, अदरक, हल्दी, चारा आदि फसल बोई जा सकती हैं। खारी निवासी संदीप महर्षि ने 20 बीघा जमीन में पॉपुलर लगाए हैं।
पौध की बढ़ी मांग
विमको कंपनी के मैनेजर डीपी सिंह के अनुसार पहले कंपनी दस एकड़ जमीन में पौध तैयार करती थी। इस बार करीब 20 एकड़ जमीन में पौध तैयार की गई हैं। पौध की बहुत मांग आ रही है। इस बार नई पौध डब्लूएसएल 112 भी आई है। इसके दाम सामान्य फसल से अधिक मिलते हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/