प्रदेश सरकार को बताया किसान विरोधी
मंडावर। भाकियू की मासिक बैठक में किसानों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए लड़ने व युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया। प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया गया।
युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि सपा सरकार में किसानों से एक घर का बिजली का बिल 180 रुपये लिया जाता था, भाजपा सरकार में यह 1450 रुपये लिया जा रहा है। किसानों को गन्ने का भुगतान साल साल भर बाद मिल रहा है और उल्टे किसान की ही आरसी काटी जा रही है। प्रदेश सरकार ने अब तक एक भी चीनी मिल की आरसी नहीं काटी है। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने कहा कि संगठन ने हमेशा किसानों के हित की लड़ाई लड़ी है। कहा कि किसान परिवार के युवा किसी भी नशे की चपेट में न आएं। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष विजय सिंह, धर्मेंद्र राठी, विकार अहमद, अतुल कुमार, सुनील प्रधान आदि मौजूद रहे।