बारिश का कहर: भरभरा कर गिरी दीवार, मलबे में दबकर टूट गईं युवती की सांसें, परिवार में मचा कोहराम
UP News : बिजनौर में एक कच्चे मकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। वहीं, मलबे में दबकर युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
बिजनौर में लगातार हो रही बारिश के चलते एक मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में दबकर एक युवती की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे निजामतपुरा गंज के रहने वाले वहाजुद्दीन की 20 वर्षीय युवती मदीना उर्फ मदीहा अपने घर में चारपाई पर लेटी हुई थी। तभी लगातार हो रही बारिश के चलते मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। जिसके मलबे में मदीहा दब गई।
यह भी पढ़ें: प्यार से मर्डर तक की कहानी: तड़पती रही प्रेमिका, नहीं पसीजा प्रेमी का दिल, हत्या के खुलासे पर अफसर भी हैरान
वहीं, परिवार वालों का शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए। पड़ोसियों की भीड़ ने तुरंत ही मलवा हटाना शुरू कर दिया। मलबा हटाकर मदीहा को बाहर निकाला गया लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: UP: पश्चिमी यूपी में गहरी हो रहीं धर्मांतरण की जड़ें, चर्चित रहे ये केस, अब फिर सामने आया नया मामला