Saharanpur: स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर की आमने-सामने टक्कर, आईटीबीपी डीआईजी समेत दो की मौत, तीन घायल
सरसावा में देहरादून-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर झबीरन कट के पास सड़क हादसे में सैन्य अधिकारी परमिंदर सिंह और उनके चालक रवि शंकर की मौत हो गई। हादसे में गनर समेत चार लोग घायल हुए हैं।
विस्तार
सहारनपुर में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में आईटीबीपी के डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके चालक रवि शंकर की मौत हो गई। स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर की आमने-सामने की टक्कर में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई स्कॉर्पियो
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे स्कॉर्पियो के पलटने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आईटीबीपी के डीआईजी परमेन्द्र सिंह, जो श्रीनगर सेक्टर जम्मू-कश्मीर में तैनात थे, अपने सरकारी वाहन से हमराहियों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक असंतुलित हो गया और अपनी लेन से दूसरी लेन में चला गया। सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।
डीआईजी और चालक की मौत, तीन अन्य घायल
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके चालक रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में डीआईजी का एक हमराही और स्विफ्ट डिजायर में सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
उच्चाधिकारियों ने संभाली उपचार की व्यवस्था
घायलों के बेहतर उपचार के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों और चिकित्सकों के बीच समन्वय किया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।