पापों से मुक्ति दिलाता है रुद्राभिषेक : शशिकांत
धामपुर। श्रीराम मंदिर आश्रम में चल रहे 31 दिवसीय शिव रुद्राभिषेक कार्यक्रम का यज्ञ के साथ समापन हो गया है। आचार्य पंडित शशिकांत वशिष्ठ ने कहा कि भगवान शिव का महा रुद्राभिषेक समस्त पापों से मुक्ति, गृहस्थ को चलाने की युक्ति, जीवन को चलाने की शक्ति और शिव की भक्ति प्राप्त करने का अनुष्ठान है।
शुक्रवार शाम श्रीराम मंदिर आश्रम में संपन्न कार्यक्रम में आचार्य ने कहा कि शिव देवों के देव महादेव हैं। जिनकी कृपा से समस्त देवी देवताओं की कृपा प्राप्त हो जाती है। श्रावण मास भगवान शिव का परम प्रिय महीना होने के कारण इस मास में रुद्री द्वारा महा रुद्राभिषेक करने पर शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। कामनाएं सिद्ध होती है। 14 जुलाई से शुरू हुए शिव महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम में अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। काशी नगरी से पधारे विद्वानों ने महा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस मौके पर प्रेम कुमार जिंदल भुवनेश्वर, मनोज यादव, नीलम यादव नेपाल, रिंकन पांडेय बंगलूरू, राघवेंद्र नारायण पटना (बिहार) सहित 31 यजमानों ने परिवार सहित प्रतिभाग किया। आश्रम के पीठाधीश्वर महंत श्री राधेश्याम व्यास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्ठमी का पर्व श्रीराम मंदिर आश्रम में 18 व 19 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा।