रजबहे की टूटी पुलिया बनी ग्रामीणों की मुसीबत
रेहड़। खैराबाद में पिछले डेढ़ साल से टूटी नहर की पुलिया के नहीं बनाए जाने से गांव वालों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सिंचाई विभाग से पुलिया को बनाए जाने की मांग की है। हरदीप, भगवंत, तुंगल, बलिहार, सोहन आदि ने बताया की खैराबाद में नारायणपुर रजबहे की पुलिया एक साल से टूटी पड़ी है। गत वर्ष बरसात में तेज पानी आ जाने के कारण पुलिया ध्वस्त हो गई थी। इसके कारण केहरीपुर, कल्लूवाला, फतेहपुरधारा आदि जाने वाले गांव वालों को पांच किलोमीटर से अधिक रास्ता तय कर जाना पड़ रहा है। आरोप है की कई बार शिकायत के बाद भी सिंचाई विभाग ने पुलिया की सुध नहीं ली है। उनका कहना है की पुलिया निर्माण को लेकर विभाग गंभीर नहीं है। गांव वालों ने शीघ्र ही पुलिया के निर्माण की मांग की है। सिंचाई विभाग के एसडीओ नवीन कुमार का कहना है समस्या संज्ञान में है। प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। विभाग समाधान के लिए प्रयासरत है।