नींदड़ू। मंगलवार रात नींदड़ू बिजली घर से आपूर्ति साढ़े नौ घंटे गुल रहने से 14 गांवों के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने बिजली आपूर्ति में व्यवधान का मुख्य कारण उत्पादन में कमी बताया है।
मंगलवार शाम 4:40 बजे से बुधवार की सुबह 5:15 बजे तक 9:30 घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। रात में केवल ढाई घंटे बिजली सप्लाई मिलने से नींदड़ू खास, चक नींदड़ू, बाजीदपुर, महाबतपुर बीरू, मोहम्मद अलीपुर भिक्कन, अंथाई शेख, कोटरा टप्पा केशो, मोहम्मद अलीपुर मुक्टा, शेखपुरा पित्था, मनकुआ, दौलतपुर सुक्खा, बखशनपुर, शेरपुर कलिया और हरियाना 14 गांवों के सैकड़ों उपभोक्ता गर्मी से बेहाल रहे। इससे पूर्व भी रात में कई बार छह से आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रह चुकी है। राष्ट्रीय किसान यूनियन तहसील धामपुर के उपाध्यक्ष नवेद अरशद शबलू का कहना है कि मांग के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र की बिजली कटौती बंद नहीं की जा रही। उन्होंने गांवों में नियमित रूप से बिजली आपूर्ति की मांग की। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार पाटिल ने बताया कि विद्युत उत्पादक यूनिटों में बिजली का उत्पादन कम होने के चलते बिजली की सप्लाई में व्यवधान आ रहा है। कोयले की कमी भी एक समस्या बनी हुई है। समस्या पर जल्दी ही काबू पाने की संभावना है। उम्मीद है कि बिजली आपूर्ति में शीघ्र सुधार हो जाएगा।