पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा मुरादाबाद मार्ग किया बंद
धामपुर। पंचायत चुनाव चिह्न का आवंटन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुरादाबाद मार्ग को बंद कर दिया। इससे कई घंटे तक गन्ने से लदे ट्रक और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ब्लाक में आरओ नौशाद अहमद ने बताया कि रविवार को तीन बजे तक नाम वापसी का कार्यक्रम रहा। ग्राम प्रधान पद के लिए 85 दावेदार और 11 पंचायत सदस्य, और नौ बीडीसी दावेदारों ने नाम वापस ले लिए। दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। चुनाव चिह्न पाने के लिए प्रत्याशियों का ब्लाक में भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन भी ध्वस्त हो गई। लोगों ने न तो मास्क लगा रखा था और न ही दो गज की दूरी बनाए रखी। पुलिस ने भी कोई सख्ती नहीं की। पुलिस ने रानीबाग पुलिस चौकी से और आरएसएम तिराहे से बैरिकेडिंग कर मुरादाबाद मार्ग को चुनाव चिह्नों का आवंटन होने तक बंद कर दिया था। जिससे चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति में लगे ट्रक, ट्रैक्टर, किसानों के निजी वाहन और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे। वाहनों की दोनों ओर लंबी लाइन लगी रही।