बिजनौर। नजीबाबाद तहसील के कई गांवों के किसानों ने एडीएम प्रशासन से मिलकर सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। डीएम को ज्ञापन देकर क्रय केंद्रों की जांच कराने की मांग की है।
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद में हीलाहवाली से नाराज नजीबाबाद तहसील के कई गांवों के किसान बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए। डीएम रमाकांत पांडेय के न मिलने पर एडीएम प्रशासन से मिलकर सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों के उत्पीड़न बंद कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि धान के सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। क्रय केंद्रों पर तैनात कर्मचारी धान खरीद के नाम पर किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं। धान में मशीन का कटा हुआ, गीला, दाने पर दाग आदि कमियां निकाल कर किसानों को क्रय केंद्र से लौटाया जा रहा है। मौके का फायदा उठाकर कुछ दलाल औने-पौने दामों में किसानों की फसल खरीदने पर लगे हैं। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने सरकारी क्रय केंद्रों की जांच कराकर धान की खरीद सुचारू कराने की मांग की है। इस मौके पर सतनाम सिंह, जगजीत सिंह, रसपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, अमर सिंह, राजेश सिंह, दिलावर सिंह, मनदीप सिंह आदि रहे।