Bijnor: नगीना में तमंचा लहराते युवकों का वीडियो वायरल, पुलिस ने की धरपकड़ तेज
नगीना में चार युवकों का मोटरसाइकिल पर बैठकर तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन लोकेशन चंडीगढ़ की मिली। सीओ डॉ. अंजलि कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि वीडियो पुराना है, लेकिन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
विस्तार
बिजनौर के नगीना क्षेत्र में चार युवकों का तमंचा लहराते हुए बाइक पर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। शुक्रवार की रात से तेजी से फैले इस वीडियो में चारों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग्राम अलीपुर जट का है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
चंडीगढ़ में होने की बात सामने आई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन चारों की लोकेशन चंडीगढ़ में मिली है। जानकारी के अनुसार आरोपियों में से एक युवक किसी संगठन के नेता का पुत्र भी है।
पुलिस ने शुरू की कड़ी कार्रवाई
इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजलि कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो पुराना प्रतीत हो रहा है। बावजूद इसके पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।