Meerut News : 50 हजार का इनामी अरेस्ट, पुलिस कस्टडी से हुआ था फरार, हादसे में पूर्व चेयरमैन के भांजे की मौत
बिजनौर के नगीना देहात थाना क्षेत्र में एक एग्रीकल्चर क्रॉप केयर फैक्ट्री में अचानक धमाका हुआ और आग लग गई। दो मजदूर झुलस गए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मंगलवार दोपहर नजीबाबाद के नगीना देहात थाना क्षेत्र में एक एग्रीकल्चर क्रॉप केयर फैक्ट्री में अचानक धमाका हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। सूचना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके की ओर रवाना हो गई। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। बताया गया कि फैक्टरी में रिएक्टर फटने से काम कर रहे दो कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगीना एवं पुलिस बल मौजूद है।
विधायक की गाड़ी से टकराया गोवंश, एयर बैग खुलने से बची जान
शामली में सदर विधायक प्रसन्न चौधरी और उनकी गाड़ी का चालक व गनर हादसे में बाल-बाल बच गए। गोवंश के टकराने से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एयर बैग खुलने से विधायक और गाड़ी के चालक व गनर की जान बच गई।
सोमवार रात विधायक प्रसन्न चौधरी शामली से मेरठ जा रहे थे। काबड़ौत पुल से आगे अचानक गाड़ी के सामने निराश्रित गोवंश आ गया। गाड़ी से टकराने से गोवंश की मौके पर मौत हो गई। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गोवंश से टकराते ही गाड़ी के एयर बैग खुल गए। जिससे विधायक और गाड़ी के चालक और गनर की जान बच गई। एयर बैग न खुलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सड़क हादसे में पूर्व चेयरमैन के भांजे की मौत
बागपत जनपद के बड़ौत में बावली रोड पर रहने वाले छात्र की सोमवार की देर रात सड़क हादसे में मेरठ के नानू गांव के पास मौत हो गई। छात्र अपने बड़े भाई बैंक मैनेजर की शादी का कार्ड देने मेरठ जा रहा था। छात्र की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बिना पुलिस कार्रवाई कराए शव ले गए और गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया।
बड़ौत के बावली रोड निवासी शशांक (26) पुत्र उदयवीर सोमवार की शाम घर से बाइक पर मेरठ में अपने रिश्तेदार के यहां अपने बड़े भाई निशांत तोमर जो पानीपत की एक बैंक शाखा में मैनेजर है उसकी शादी का कार्ड देने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह मेरठ के नानू गांव के पास पहुंचा, तो सामने से अचानक जेसीबी आ गई और जोरदार भिड़ंत में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्र की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बिना पुलिस कार्रवाई कराएं शव को लेकर बड़ौत पहुंचे और गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया।
दोघट के पूर्व चेयरमैन का भांजा व जयपुर की एसडीएम का भाई था शशांक
छात्र शंशाक दोघट के पूर्व चेयरमैन पिंटू का भांजा और जयपुर में एसडीएम देविका तोमर का भाई था। शशांक सरदार पटेल यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहा था। छात्र की मौत से भाई प्रशांत तोमर, बहन वर्णिका तोमर, मां अरुणा तोमर, पिता उदयवीर व परिवार की महिलाओं का रोते हुए बुरा हाल है। प्रशांत ने बताया कि बड़े भाई निशांत की शादी 22 अप्रैल की तय है। उसी के कार्ड देने के लिए शशांक जा रहा था।
सरधना रोड पर स्कूटी सवार सास-बहू घायल
मेरठ के कंकरखेड़ा में मंगलवार शाम गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार सास-बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने राहगीरों की मदद से आरोपी चालक को पकड़ लिया। सरधना रोड स्थित शिवनगर निवासी सुमन देवी मंगलवार शाम अपनी बहू के साथ सरधना फ्लाईओवर तक जा रही थीं। सरधना की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
थाना प्रभारी नीरज मलिक का कहना है कि दोनों महिलाओं की स्थिति गंभीर बनी है। फिलहाल तहरीर नहीं आई है।