Leopard Attack In Bijnor: पशुओं का चारा लेने गई महिला पर गुलदार ने किया हमला, दर्दनाक माैत, परिजनों में कोहराम
बिजनाैर जनपद के चांदपुर में खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई गांव चौधेंड़ी निवासी महिला की गुलदार के हमले से मौत हो गई।
विस्तार
बिजनाैर जनपद के चांदपुर में खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई गांव चौधेंड़ी निवासी महिला की गुलदार के हमले से मौत हो गई। मौत से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
बृहस्पतिवार की दोपहर गांव चौधेंड़ी निवासी जयपाल सिंह की पत्नी सुमन देवी करीब 40 वर्ष जंगल से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। देर शाम तक सुमन जब घर वापस नहीं आई तो परिजनों ने तलाश किया।
देर शाम तलाशी के दौरान महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। महिला के चेहरे पर गुलदार खाए हुए निशान थे। सुमन की मौत की खबर सुनते ही गांव के लोग इकट्ठा होकर लाठी डंडे लेकर जंगल में पहुंचे। परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग के उच्च अधिकारियों को दी। मौके पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकड़ने के लिए खेत में कांबिंग की। गुलदार के हमले से महिला की मौत की घटना से गांव व क्षेत्र में भय बना हुआ है। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया है कि महिला पर गुलदार के हमले की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेज दिया गया है। गुलदार को पकड़ने के लिए कमिंग की जा रही है।