आयकर दाताओं को दी योजनाओं की जानकारी
बिजनौर, धामपुर। आयकर विभाग की ओर से करदाताओं की सुविधा के लिए विवाद से विश्वास योजना की शुरुआत की गई। आयकर अधिकारियों ने करदाताओं को योजना के प्रति जागरूक किया।
शुक्रवार को आयोजित गोष्ठी में विवाद से विश्वास योजना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने व्यापारियों को बताया कि आयकर दाता एकमुश्त कर का भुगतान कर इस योजना के तहत अपने विवाद का निस्तारण कर सकते हैं। योजना के तहत आयकर दाताओं को ब्याज और पेनल्टी से पूरी तरह छूट दी जाएगी। यह योजना 31 मार्च तक प्रभावी रहेगी। 30 जून तक दस प्रतिशत अतिरिक्त कर का भुगतान करके भी योजना का लाभ उठाया जा सकता है। अग्रिम कर की चौथी किस्त मार्च में जमा करने के बारे में भी करदाताओं को जानकारी दी गई। सहायक आयकर आयुक्त आबिद अली तथा आयकर अधिकारी देवीदयाल ने व्यापारियों को योजनाओं से अवगत कराया। गोष्ठी में राजेश कुमार इंस्पेक्टर, जितेंद्र कुमार इंस्पेक्टर, अंशुल, विवेक गोयल, हिरदेश गुप्ता उपस्थित रहे।