Bijnor News: 25 मई से शुरू होगीं चार रोजा सालाना मजलिसें, जियारत कर मन्नतें मांगते हैं जायरीन
बिजनौर के नजीबाबाद में जोगीरम्पुरी जायरीनों के ठहरने के लिए दरगाह परिसर और आसपास बड़ी संख्या में तंबू लगाए गए हैं। रात-दिन चलने वाली मातमी मजलिसों में शिरकत करते हैं और दरगाह की जियारत कर मन्नतें मांगते हैं।
विस्तार
नजीबाबाद के गांव जोगीरम्पुरी स्थित शिया समुदाय की दरगाह पर तंबुओं का शहर बसने लगा है। शिया मुस्लिम देश के कोने-कोने से गांव जोगीरम्पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह-ए-आलिया नजफ-ए-हिंद पर 25 मई से 28 मई तक आयोजित होने वाली सालाना मजलिस में शिरकत के लिए लोग पहुंचने लगे हैं।
जायरीनों के ठहरने के लिए दरगाह परिसर और आसपास बड़ी संख्या में तंबू लगाए गए हैं। तहसील के गांव अहमदपुर सादात उर्फ जोगीरम्पुरी की दरगाह पर 25 मई से या अली-मौला अली, मुश्किल कुशा मौला अली की सदाएं गुजेंगी।
दरगाह कमेटी के अध्यक्ष इरमअली जैदी, सचिव मो.अब्बास, संयुक्त सचिव मौलाना कसीम अब्बास और दरगाह कमेटी के सदस्यों के नेतृत्व में चार रोजा मजलिसों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Baghpat News: चुनावी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार, एक की मौत, तीन घायल
मान्यता है कि मुश्किल कुशा मौला अली दरगाह आए थे। उन्हीं की याद में सालाना मजलिसें आयोजित की जाती हैं। देश के कोने-कोने से शिया जायरीन दरगाह पहुंचकर भीषण गर्मी और कई तरह की परेशानियों को झेलकर रात-दिन चलने वाली मातमी मजलिसों में शिरकत करते हैं और दरगाह की जियारत कर मन्नतें मांगते हैं।
नजफ-ए-हिंद जोगीरम्पुरी दरगाह कमेटी की ओर से जायरीनों के ठहरने, खाने-पीने, बिजली आदि की व्यवस्था उनके खर्च पर दी जाती है। दरगाह कमेटी की ओर से दरगाह परिसर में 125 आवास जायरीनों के सहयोग से बनाए गए है, जबकि 250 प्राइवेट आवास हैं। दरगाह परिसर में हजारों वैकल्पिक तंबू लगाए गए हैं, जिनमें चार दिन तक जायरीन रहकर सालाना मजलिसों में शिरकत करेंगे।
उपजिलाधिकारी विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, नगीना सीओ संग्राम सिंह के नेतृत्व में सालाना मजलिसों में आने वाले जायरीनों को सुरक्षित यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई आदि की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दरगाह कमेटी की ओर से पेयजल सुविधा के लिए 50 से अधिक वैकल्पिक इंडिया मार्क-2 हैंडपंप लगाए गए हैं।
उधर, नजीबाबाद डिपो की ओर से स्टेशन से दरगाह परिसर तक के करीब आठ किलोमीटर दूरी के सफर के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था जुटाई गई है। 25 मई को प्रात: आठ बजे से चार दिन तक अनवरत चलने वाली मातमी मजलिसों का सिलसिला शुरू होगा।