UP: पूर्व विधायक लवकुश कुमार राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मनोनीत, कार्यकर्ताओं में दौड़ी खुशी की लहर
Bijnor News : पूर्व विधायक लवकुश कुमार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य मनोनीत किया गया है। वहीं, सूचना मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों में खुशी के लहर दौड़ गई।
विस्तार
भारत सरकार ने नगीना के पूर्व विधायक लवकुश कुमार को बड़ा सम्मान देते हुए उन्हें राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य मनोनीत किया है। लवकुश कुमार के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य मनोनीत होने की सूचना मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों में खुशी के लहर दौड़ गई।
क्षेत्र के ग्राम अलेहेदादपुर निवासी किसान रिसाल सिंह के घर में दो सितंबर 1968 को जन्मे लवकुश कुमार की प्रारंभिक शिक्षा ग्राम मक्खू वाला के प्राइमरी स्कूल में हुई। इंटर तक की शिक्षा एम एम इंटर कॉलेज से करने के बाद उन्होंने स्नातक हिंदू कॉलेज मुरादाबाद से किया।
1989 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले लवकुश कुमार को पार्टी ने 1998 के नगीना विधानसभा के हुए उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया था और वह विधायक बनने में कामयाब हो गए थे। उसके बाद 2007 व 2012 में भी भाजपा ने उन्हें नगीना विधानसभा से चुनाव लड़वाया था।
यह भी पढ़ें: UP: बसपा की सोशल इंजीनियरिंग से गड़बड़ाएगा विरोधियों का गणित! टिकट वितरण को लेकर है चौंकाने वाला प्लान
लवकुश कुमार को पार्टी ने अनुसूचित जाति मोर्चा पश्चिम क्षेत्र का महामंत्री भी बनाया था। वर्तमान में वे चांदपुर विधानसभा में प्रभारी का कार्य देख रहे हैं। अब भारत सरकार ने शनिवार को उन्हें एक बड़ा सम्मान देते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य मनोनीत किया है। पूर्व विधायक लवकुश कुमार ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें मंत्रालय से सोमवार को शपथ लेने के लिए बुलाया गया है।
यह भी पढ़ें: राकेश टिकैत बोले: गठबंधन से पहले जयंत को करना चाहिए था ये जरूरी काम, 14 को MSP को लेकर BKU का दिल्ली कूच