बिजनौर में सड़क हादसों का कहर : महिला समेत पांच लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल, सीएम योगी ने जताया दुख
Accident in Bijnor : बिजनौर में अलग-अलग हादसों में महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि कई लोग हादसों में घायल भी हुए हैं। उधर, सीएम योगी ने हादसों पर दुख जताया है।
विस्तार
बिजनौर जिले में तीन सड़क हादसों में महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। बिजनौर में मंडावर रोड चक्कर चौराहे पर हुए हादसे में मरने वालों में तीन बदायूं के रहने वाले थे। धामपुर में हुए हादसे में मां की मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल हो गया। वहीं, बिजनौर-बैराज मार्ग पर हुए हादसे में बलिया के ट्रक चालक की मौत हुई।
जिला बदायूं के थाना हजरतपुर के गांव पट्टी निवासी आमोद (22) पुत्र रामस्वरूप की शादी बृहस्पतिवार को हरिद्वार में होनी थी। आमोद के रिश्तेदार ही दो गाड़ियों में सवार होकर बुधवार की शाम हरिद्वार के लिए निकले थे। रात में ढाई बजे आगे चल रहीएक बोलेरो गाड़ी बिजनौर में मंडावर रोड चक्कर चौराहे पर पहुंची तो ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक गाड़ी को करीब सौ मीटर घसीटते हुए ले गया।
गाड़ी में सवार आमोद के नाना धनपाल (55) निवासी गांव तालीम गंज थाना दातागंज और रिश्तेदार प्रेमपाल (54) पुत्र सरकार गांव दूचरी थाना हजरतपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मौसा विजय बहादुर (52) निवासी कलाकंद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया गया कि दूल्हा आमोद, पुष्पेंद्र पुत्र रघुवीर गांव पट्टी थाना हजरतपुर और गाड़ी चालक बबलू पुत्र श्रीपाल निवासी परवीन नंगला थाना हुसैन जनपद बदायूं घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक देखते हुए रेफर किया गया है।
उधर, दूसरा हादसा बिजनौर-बैराज मार्ग पर गैस एजेंसी के सामने हुआ हुआ, यहां ट्रक खड़ा करके सड़क पार कर रहे चालक रामआसरे पुत्र धर्मवीर निवासी रामपुर थाना ब्रह्मपुर जनपद बलिया को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरा हादसा धामपुर में मुरादाबाद रोड पर हुआ। शेरकोट थाने के गांव मुबारकपुर कुंडा निवासी पुनीत शर्मा ने बताया कि वह परिवार के संग फ्रेंडस कॉलोनी में रह रहा है। बुधवार की रात नौ बजे उनकी पत्नी ज्योति शर्मा आठ वर्षीय पुत्र संयम शर्मा के साथ मुरादाबाद रोड पर शिव शक्ति रेस्टोरेंट के पास ई-रिक्शा के इंतजार में खड़ी थी। इसी दौरान रानी बाग कॉलोनी निवासी दिव्यांश चौहान पुत्र मुकेश कुमार ने लापरवाही से बाइक को चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी। इसमें घायल हुई पत्नी और पुत्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्नी की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: अनोखा मामला: साहब! पति ने नहीं मनाई सुहागरात, आपबीती सुन उड़े पुलिस के होश, नौ माह पहले होटल में हुई थी शादी
सड़क हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख
बिजनौर में हुए सड़क हादसे में बदायूं के तीन लोगों की मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों की आत्म शांति के लिए कामना की। शोक में डूबे परिवारों के लिए संवेदना जाहिर की है। साथ ही जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार कराने के लिए निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: खाकी ने किया ऐसा कांड: रातभर गिड़गिड़ाती रही युवती, नहीं पसीजा किसी अफसर का दिल