जलालाबाद/मंडावली। राजगढ़ क्षेत्र के जंगल और गांव मुस्वी खानपुर चौगांवा क्षेत्र में उपले, लकड़ी आदि में आग लगने से हड़कंप मच गया। अग्निशमन दल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर उग्र आग पर काबू पाया।
नगर पंचायत जलालाबाद के निकट स्थित मुस्वी खानपुर चौगांवा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात अचानक उपले, जलावनी लकड़ियों में आग लग गई। कूड़ी की आग ने भयंकर रूप ले लिया। बाद में अग्निशमन अधिकारी केएस जादौन, अनिल कौशिक, मो.असलम आदि के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत कर भीषण आग पर काबू किया। उधर मंडावली क्षेत्र में राजगढ़ नहर पुल से लगभग 100 मीटर दूरी पर वन क्षेत्र में भीषण आग लगी है। आग लगने के कारण वन्यजीव इधर-उधर भटक रहे हैं। मंडावली क्षेत्र में राजगढ़ नहर पुल से लगे वन क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से आग लगी है। जिससे वन्य संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। पेड़ों के साथ वन्यजीव भी आग की चपेट में आ गए हैं। लगातार आग लगने से वन्य जीवों ने वन क्षेत्र को छोड़कर आबादी की ओर रूख कर लिया है।