गंगा के तटबंध पर बनेगा साइकिल ट्रैक
बिजनौर। गंगा बैराज से रावली तक नौ किमी. लंबे तटबंध पर साइकिल ट्रैक बनाया जाना है। बैराज पर हॉट बाजार विकसित होगा। जिसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे जाने की प्रशासन ने तैयारी कर ली है। इसके लिए डीएम ने बैठक कर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। नाले का गंदा पानी गंगा में नहीं जाने पाए, इसके लिए भी प्रबंध किए जाने के आदेश दिए गए।
शुक्रवार को डीएम उमेश मिश्रा ने जिला गंगा समिति की बैठक ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई व वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने गंगा किनारे के 21 गांवों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी नाले का गंदा पानी गंगा में नहीं जाना चाहिए। यह सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी व खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिला वन अधिकारी डॉ. अनिल पटेल ने कहा कि गंगा घाटों पर प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को स्वच्छता अभियान चलाया जाए और गंगा आरती कराने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों को स्वच्छ रखें व उसकी नियमित निगरानी भी की जाए। इस अवसर पर सीडीओ केपी सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण बोर्ड, डॉ. प्रीति शुक्ला डब्लूआईआई देहरादून सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।