हिदायतपुर चौहड़वाला में घुसा मगरमच्छ
अफजलगढ़। गांव हिदायतपुर चौहड़वाला में शुक्रवार की रात गांव की गली में एक मगरमच्छ आने से अफरातफरी मच गई। एक सप्ताह से लगातार गांव के समीप तालाब में एक मगरमच्छ ग्रामीणों को दिख रहा था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को भी दे दी थी, लेकिन लापरवाही का यह आलम है कि वन विभाग का कोई कर्मचारी गांव में नहीं पहुंचा। शुक्रवार को बारिश से तालाब में उफान आ गया। जिस कारण भयंकर मगरमच्छ पानी से निकलकर देर रात गांव में पहुंच गया। ग्रामीणों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी तो अफरा तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शी भय के मारे भाग मौके से भाग खडे़ हुए। बाद में ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। घंटों तक वन कर्मी गांव नहीं पहुंचे। तब ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए मगरमच्छ को रस्सियों से बांध दिया। बाद में गांव पहुंची वन कर्मियों की सुपुर्दगी में दे दिया। ग्रामीण यावेंद्र प्रताप सिंह, प्रिंस चौहान, दीक्षित चौहान, चिंकी, मोनू, रामपाल सिंह का कहना है कि वन विभाग को अनेक बार इसकी सूचना दी गई, लेकिन किसी ने मौके पर आकर जांच करना जरूरी नहीं समझा। उधर, नगीना रेंज के डिप्टी रेंजर श्यामलाल यादव ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग एक मीटर बड़े मगरमच्छ को अपने कब्जे में लिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रामगंगा नदी में छोड़ दिया है।