बिजनौर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने विदुरकुटी को पर्यटन के मानचित्र पर चमकाने के लिए प्रशासन को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विदुरकुटी को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा सभागार में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी जिले के विकास के लिए सुझाव दिए।
शनिवार को कलक्ट्रेट में हुई बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदुरकुटी का विकास किया जाएगा। यहां पर अभी बहुत से काम कराए जा सकते हैं। इसके लिए सीएम योगी ने डीएम उमेश मिश्रा से प्रस्ताव तैयार कराकर भेजने को कहा। साथ ही कहा कि विदुरकुटी से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क का भी चौड़ीकरण होना चाहिए। इस बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। इसमें सदर विधायक सुचि मौसम चौधरी ने बिजनौर-कोतवाली रोड स्थित रेलवे फाटक पर फ्लाई ओवर बनाने, मंडावर क्षेत्र में गंगा की बाढ़ को रोकने के लिए काम शीघ्र शुरू कराने, मंडावर-किरतपुर मार्ग की सड़क बनवाने का सुझाव दिया। इसके अलावा भाजपा नेता सीपी सिंह ने पर्यटन के लिए बिजनौर गंगा बैराज, हैदरपुर वेटलैंड को विकसित कराने, विधायक सुशांत सिंह ने पर्यटन के क्षेत्र में जिले में कार्य कराने, विधायक अशोक राणा ने नदियों पर बाढ़ रोकने के लिए स्टड बनवाने के सुझाव दिए। इस बीच भाजपा जिला महामंत्री मुकेंद्र त्यागी ने बिलाई शुगर मिल द्वारा गन्ना भुगतान न करने का मुद्दा उठाया और शीघ्र भुगतान कराने का सुझाव दिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सीएम ने सभी के सुझाव सुने और उन्हें नोट कर लिया।