Bijnor: नूरपुर में बड़ी चोरी: दो सगे भाइयों के घर से लाखों की नकदी-जेवर उड़ाए, चोर जंगल में बैग फेंक भागे
नूरपुर के गांव गोहावर हल्लू में चोरों ने दो सगे भाइयों के घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के गहने, बर्तन और ₹1.60 लाख नकद पर हाथ साफ कर दिया। CCTV में कैद हुए चोर भागते वक्त बैग जंगल में फेंक गए।
विस्तार
बिजनौर जनपद के नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोहावर हल्लू में बीती रात चोरों ने दो सगे भाइयों के मकानों को निशाना बनाया। दोनों ही घरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और कुल 1.60 लाख रुपये नकद चुरा लिए गए। चोरी के बाद आरोपी चोर पास के जंगल की ओर भाग निकले और वहीं पर बैग व डिब्बे फेंक दिए।
इस वारदात की खास बात यह रही कि एक पड़ोसी के घर में लगे CCTV कैमरे में चोर कैद हो गए हैं। वीडियो फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे चोर रात के अंधेरे में दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और चोरी को अंजाम देकर जंगल की तरफ निकल गए।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 17 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
पीड़ित परिवार ने इस मामले में पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
गांव में एक ही रात दो घरों में बड़ी चोरी से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।