अमेरिका में मर्डर: शव भारत लाने की मांग कर रहे पीड़ित परिजन, गम में डूबा पूरा गांव, मोदी सरकार से लगाई गुहार
Bijnor News : अमेरिका में बिजनौर के युवक की गोलियां बरसा कर हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिजन मृतक के शव को भारत लाने की मांग कर रहे हैं। पीड़ित परिजन ने मोदी सरकार से गुहार लगाई है।
विस्तार
अमेरिका के सेल्मा शहर में गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों की गोली का शिकार हुए बिजनौर के ग्राम टांडा साहूवाला निवासी युवक राज सिंह उर्फ गोल्डी का गमजदा परिवार मृतक के शव के घर आ जाने की प्रार्थना कर रहा है। अमेरिका से भारत शव आने के आसार नहीं लगने पर गमगीन परिजन सरकार से उनकी मदद करने की आस लगाए हुए है।
थाना क्षेत्र के ग्राम टांडा साहूवाला निवासी युवक राज सिंह उर्फ गोल्डी परिवार में बड़ा भाई होने व परिवार की जिम्मेदारी के चलते घर की गरीबी दूर करने की आस में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अमेरिका चला गया था। वहां वह सेल्मा के 2211 हाइलैंडवे स्थित गुरुद्वारा साहिब सिख सेंटर ऑफ द पेसिफिक कोस्ट में रागी का कार्य करता था।
मृतक के परिजन बताते हैं कि शनिवार को गुरुद्वारे में कीर्तन संपन्न होने पर राज सिंह गुरुद्वारे के बाहर सड़क पर पहुंचा ही था कि वहां आ धमके हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर राज सिंह (29) को मौत की नींद सुला दिया। युवक की हत्या हो जाने की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
पांच वर्ष पूर्व मृतक के पिता धीर सिंह की मौत हो गई थी। घर में बड़ा भाई होने के कारण परिवार की सारी जिम्मेदारी राज सिंह के कंधों पर ही थी। घर में राज सिंह की विधवा मां कमला, दो छोटी बहन प्रियंका व प्रीति और एक छोटा भाई मोंटी है। बहन प्रियंका की शादी हो चुकी है। परिवार के एकमात्र सहारे के मौत की नींद सो जाने पर परिजन बेहद गमगीन है।
गोल्डी के शव का अंतिम संस्कार यहीं करना चाहते हैं परिजन
मृतक राज सिंह के परिजन अपने लाडले के अंतिम दर्शन करने के लिए उसके शव को भारत मंगाना चाहते हैं। मृतक की छोटी बहन प्रीति कौर का कहना है कि सेल्मा (अमेरिका) के गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की ओर से अभी तक राज सिंह के शव के अंतिम संस्कार संबंधी कोई जानकारी उनको नहीं दी गई है। गमजदा परिवार अंतिम संस्कार के लिए मृतक के शव के भारत आने की आस लगाए है। परिवार आश्वस्त है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसके लाडले के शव को भारत वापस लाने में उनकी मदद अवश्य करेंगे।
यह भी पढ़ें: Mission 2024: सपा-कांग्रेस गठबंधन इस सीट पर बना रहा नए समीकरण, SP का ये प्लान बिगाड़ देगा BJP का गणित
अभी तक पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ राज सिंह के शव का
मृतक राज सिंह उर्फ गोल्डी के बहनोई गुरदीप सिंह उर्फ टीटू ने बताया कि राज सिंह के शव का अभी पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। मृतक के परिजनों ने शव को भारत लाने के साथ ही युवक के हत्यारोपियों को कठोर दंड देने की भी गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें: मेरठ में बड़ा हादसा: फैक्टरी का बॉयलर फटने से दो कर्मचारियों की मौत, तीन झुलसे, परिजनों में मचा कोहराम