बिजनौर: पुलिस चौकी के अंदर से निकालकर युवक को पीटा, कोतवाली प्रभारी और चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर
जैतरा पुलिस चौकी के अंदर से निकालकर समीर अहमद को सड़क पर लाठी-डंडों से पीटने का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एसपी ने कोतवाली प्रभारी और चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया।
विस्तार
बिजनौर के धामपुर में जैतरा पुलिस चौकी के अंदर और बाहर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चौकी पर पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी में कुछ युवक समीर अहमद को चौकी से बाहर निकालकर सड़क पर लाठी-डंडों से पीटने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने लापरवाही के मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह और चौकी इंचार्ज पवन उज्ज्वल को लाइन हाजिर कर दिया है।
पीड़ित समीर अहमद, निवासी मोहल्ला बाड़वान, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम वह अपने दोस्त कृष्णा के साथ बाइक से नींदडू से जैतरा की ओर जा रहा था। जैतरा पुलिस चौकी के पास पहले से खड़े कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों से बचने के लिए समीर ने पुलिस चौकी के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।
समीर का आरोप है कि इसका फायदा उठाकर युवक चौकी के अंदर घुस आए और उसे बाहर निकालकर सड़क पर लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जोगीपुरा निवासी आकाश और अरुण तथा कुंडीपुरा निवासी नवदीप के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने मामले में लापरवाही को लेकर धामपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह और जैतरा चौकी इंचार्ज पवन उज्ज्वल को लाइन हाजिर कर दिया।
इसके बाद नवागत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह सोलंकी ने बृहस्पतिवार को कार्यभार संभाल लिया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार के मुताबिक, तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
साथी कृष्णा से विवाद होने का आरोप
समीर अहमद का कहना है कि वह दिल्ली में रहकर काम करता है और कभी-कभार ही धामपुर आता है। उसके मुताबिक, आरोपियों से उसका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था, जबकि उसके साथी कृष्णा का उनसे किसी मामले को लेकर विवाद चल रहा था। समीर ने आरोप लगाया कि बाइक से जाते समय आरोपियों ने उन्हें रोककर चौकी के अंदर रखे डंडों और बेल्टों से पीटा।
पीड़ित का कहना है कि यदि चौकी पर पुलिसकर्मी मौजूद होते तो शायद घटना टल सकती थी। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।