बिजनौर: खो नदी का जलस्तर बढ़ा, इब्राहिमपुर नारायण के पास स्टड ध्वस्त; गांव की ओर बढ़ रहा पानी
बिजनौर की धामपुर तहसील क्षेत्र में खो नदी का जलस्तर बढ़ने से इब्राहिमपुर नारायण के पास स्टड ध्वस्त हो गया है। पानी जंगल का कटान करते हुए गांव की ओर बढ़ रहा है।
विस्तार
बिजनौर की धामपुर तहसील क्षेत्र में खो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण इब्राहिमपुर नारायण गांव के पास सिंचाई विभाग की ओर से पिछले साल करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया स्टड ध्वस्त हो गया। इसके बाद नदी का पानी जंगल का कटान करते हुए गांव की ओर बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
स्टड ध्वस्त होने से बढ़ी ग्रामीणों की चिंताइब्राहिमपुर नारायण गांव के पास नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण सिंचाई विभाग का स्टड ध्वस्त हो गया। ग्रामीणों के अनुसार पानी तेजी से जंगल का कटान करते हुए गांव की दिशा में बढ़ रहा है। इससे लोगों में बेचैनी का माहौल है और ग्रामीण नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंतित हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ: रिमझिम बारिश से बदला मौसम, तापमान गिरने से गर्मी से मिली राहत; धान की फसल को नुकसान की आशंका
अधिकारियों को सूचना देने का दावा
भाकियू के पूर्व तहसील अध्यक्ष कविराज सिंह का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दे दी गई है। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अभी तक समस्या के समाधान के लिए किसी तरह का प्रयास नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है।
पहाड़ों पर बारिश से बढ़ सकता है जलस्तर
उधर, अफजलगढ़ खंड धामपुर के अधिशासी अभियंता अरुण सहदेव का कहना है कि नदियां अभी नियंत्रित हैं और क्षेत्र में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नजर नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर तेजी से बारिश हो रही है, इसलिए नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की सलाह
अधिशासी अभियंता ने नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर लोग सुरक्षित स्थान पर शरण लें और स्थिति पर नजर बनाए रखें।