बिजनाैर में भीषण हादसा: हाईवे पर तीन वाहनों की जबरदस्त भिड़ंत, दस घायल
उत्तर प्रदेश के बिजनाैर में हुए सड़क हादसे में दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनाैर में हुए सड़क हादसे में दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रेहड़ में विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित वाहन की हाईवे से गुजर रही दो कारों से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनो कार सवार सभी लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
रुद्रपुर (उत्तराखंड) के एलाइन्स कालोनी निवासी गुरुबख्श सिंह पुत्र चौधरी लाल सिंह अपनी पत्नी रणजीत कौर, पुत्री उपजीत कौर के व इनोवा कार से कार चालक संजय पुत्र सरन सरकार निवासी दिनेशपुर(उधमसिंह नगर) के साथ शनिवार की मध्याह्न देहरादून जा रहे थे।
इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर अंगदपुर बस स्टैंड चौराहे पर गांव अंगदपुर से अचानक तेजी गति आई एक ई-रिक्शा व आल्टो कार से बचाने के प्रयास जसपुर की ओर आ रही ईंटों से भरी टाटा पिकअप अनियंत्रित हो गई। टाटा पिकअप के अनियंत्रित होने से उसके पीछे आ रही इनोवा कार व खुशहालपुर (अफजलगढ़) से काशीपुर जा रही फोर्ड कार आपस में टकरा गई। हादसे में दोनो कारें क्षतिग्रस्त हो गई।
फोर्ड कार में सवार निशान सिंह पुत्र सुब्बा सिंह की पत्नी रजविन्द्र कौर, पुत्री मनरीत कौर, पुत्र उपतेज सिंह निवासीगण खालसा फार्म, गाँव खुशहालपुर थाना अफजलगढ़ व सुसराज कौर पत्नी जसवीर सिंह, हरविंद्र सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी गादला फार्म थाना रेहड़ घायल हो गए।
उधर इनोवा कार सवार भी चारो लोग गुरुबख्श सिंह, रणजीत कौर, उपजीत कौर व चालक संजय घायल हो गए।मौके पर पहुंची पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु कराते हुए घायलों को तत्काल काशीपुर स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां घायल उपतेज सिंह व सुसराज कौर की हालत नाजुक बताई जा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह का कहना हैं वाहन चालको से तहरीर प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।